Popular Posts

पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और कई राउंड फायरिंग ,एक महिला समेत तीन घायल 

पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और कई राउंड फायरिंग ,एक महिला समेत तीन घायल

हापुड़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बदनौली गांव में दिन निकलते ही पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और कई राउंड फायरिंग हुई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

फायरिंग की घटना में एक महिला समेत तीन लोगों को गोली लगने की सूचना है, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस का भारी बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी भी बदनौली गांव पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के युवकों के बीच लंबे समय से आपसी तनातनी और रंजिश चल रही थी, जिसके चलते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

डीआईजी के साथ गांव पहुंचे एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घायलों का उपचार जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *