Popular Posts

बेखौफ डीजल चोर, अकराबाद टोल प्लाजा के पास दो कंटेनरों से करीब 400 लीटर डीजल चोरी

 राजा दीक्षित ब्यूरो चीफ

अलीगढ़।नेशनल हाईवे स्थित अकराबाद टोल प्लाजा के आसपास खड़े वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन चोर वाहनों से तेल चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। शनिवार देर रात टोल प्लाजा के निकट खड़े दो कंटेनरों से करीब 400 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया। पीड़ित चालकों ने अकराबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

एक सप्ताह पहले भी थाने से महज 100 मीटर दूर पेट्रोल पंप के सामने खड़े एक कंटेनर से करीब 400 लीटर डीजल चोरी हुआ था। उस घटना का अभी तक खुलासा भी नहीं हो सका था कि चोरों ने फिर वारदात को अंजाम दे दिया।

जनपद फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव रोहिला निवासी कंटेनर चालक स्वाभिमान पुत्र विनवेश सिंह यादव ने बताया कि वह गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर से मारुति के स्पेयर पार्ट्स लेकर बुलंदशहर में कुछ सामान उतारने के बाद हरदोई, सीतापुर और लखनऊ जा रहा था। अकराबाद टोल प्लाजा के पास उसका कंटेनर खराब हो गया, जिसके बाद वह वाहन खड़ा कर सो गया। देर रात अज्ञात चोर कंटेनर से करीब 250 लीटर डीजल चोरी कर ले गए।

वहीं कासगंज जनपद के निजामपुर निवासी कंटेनर चालक भीष्म पाल सिंह पुत्र ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि वह झज्जर (हरियाणा) से टॉफी लादकर लखनऊ जा रहा था। टोल प्लाजा के पास शौच के लिए रुकने के बाद वह वहीं सो गया। सुबह उठने पर पता चला कि कंटेनर से करीब 150 लीटर डीजल चोरी हो चुका है।

दोनों चालकों ने अकराबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। लगातार हो रही डीजल चोरी की घटनाओं से हाईवे पर वाहन चालकों में दहशत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा और थाना क्षेत्र के आसपास लगातार हो रही वारदातों से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *