Popular Posts

गाली का लाइसेंस किसके पास है? – दोहरे मापदंड पर एक सवाल

लेखक: मुन्नी देवी दीक्षित, प्रधान संपादक*

भारत की राजनीति ने भारत को कहाँ लाकर खड़ा कर दिया है, ये हम सबको सोचना होगा।

आज के भारत में आप महात्मा गांधी, देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को बेझिझक रात-दिन गाली दे सकते हैं लेकिन आज के तात्कालिक प्रधानमंत्री को नहीं दे सकते।

हाँ, देश के पहले प्रधानमंत्री और गांधी की जितनी भी छीछालेदर करना चाहें, वह कर सकते हैं। भाजपा ने उसका लाइसेंस इशू कर रखा है। गांधी परिवार के बारे में जितनी गालियां आप दे सकते हैं, दें, बल्कि चाहें तो नई भी ईजाद कर सकते हैं। कोई मसला नहीं है। लेकिन तुम्हारी मजाल है कि तुम महामानव जी को कुछ भी कह दो।

*ऐसा दोहरापन क्यों?*

क्यों दूसरों को कहने वाले अपशब्दों, गालियों पर भाजपा अपना पेटेंट रखना चाहती है, लेकिन खुद के लिए उन्हीं जैसे शब्दों को वह देश का अपमान मानती है?

अगर तात्कालिक प्रधानमंत्री का अपमान देश का अपमान है तो देश के पहले प्रधानमंत्री का अपमान देश का अपमान कैसे नहीं है?

मोदी जी चाहें तो राहुल गांधी के माता-पिता ही नहीं दादा-दादी तक को कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन खबरदार जो राहुल या कांग्रेस ने मोदी जी के स्वर्गीय माता-पिता को कुछ भी कहा। जैसे राहुल के पिता, दादा-दादी स्वर्गीय नहीं हैं, वे आज भी जीवित हैं।

भक्त क्यों भूल जाते हैं कि जब उनके नेता – गांधी, नेहरू को गालियां देते हैं तो वे तालियां पीटते हैं लेकिन जब वैसे ही शब्द पलट कर आते हैं तो वही भक्त अपनी-अपनी छातियां पीटते हैं।

आप ऐसा क्यों चाहते हैं कि आप गाली दे सकें लेकिन सुनें न। और अगर सुनने से इतना परहेज है तो देने में इतना आगे क्यों रहते हैं।

मैं कोई उदाहरण नहीं देना चाहती क्योंकि ये सब जानते हैं कि नेहरू और गांधी परिवार के लिए महामानव जी खुद और शाह जी कैसे शब्दों का इस्तेमाल करते रहते हैं। फिर वही शब्द वापस आते हैं तो हाय-तौबा मचाते हैं।

*पहले खुद की जुबान साफ कर लें, फिर यकीन मानें मैं भी अपशब्दों का विरोध करूंगी। लेकिन ये मत करो कि खुद जिसको चाहे जो कह लो और अपनी बारी आने पर रोनी सूरत बनाकर विक्टिम कार्ड खेलो।*

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *