1
1
1
2
3
लेखक: प्रधान संपादक मुन्नी देवी दीक्षित*
एक बार गणेशजी ने भगवान शिवजी से कहा – *”पिताश्री! आप यह चिताभस्म लगाकर, मुण्डमाला धारणकर अच्छे नहीं लगते। मेरी माता गौरी अपूर्व सुंदरी और आप उनके साथ इस भयंकर रूप में। पिताजी आप एक बार कृपा करके अच्छे से स्नान करके माता के सम्मुख आएं, जिससे हम आपका असली स्वरूप देख सकें।”*
भोलेनाथ तो भोलेनाथ हैं, पुत्र की बात मान ली।
कुछ समय बाद जब शिवजी स्नान करके लौटे तो उनके शरीर पर भस्म नहीं थी, बिखरी जटाएं सँवरी हुई थीं, मुण्डमाला उतरी हुई थी। सभी देवता, यक्ष, गंधर्व, शिवगण उन्हें अपलक देखते ही रह गए।
*वो ऐसा रूप था कि मोहिनी अवतार रूप भी फीका पड़ जाए।* भगवान शिव ने अपना रूप कभी देखा ही नहीं, न कभी उसे प्रकट किया था। शिवजी का ऐसा अतुलनीय रूप कि *करोड़ों कामदेव को भी मलिन* किए दे रहा था।
गणेशजी अपने पिता की इस मनमोहक छवि को देखकर स्तब्ध रह गए और मस्तक झुकाकर बोले – *”मुझे क्षमा करें पिताजी, परन्तु अब आप अपने पूर्व स्वरूप को धारण कर लीजिए।”*
भगवान शिव ने पूछा – “क्यों पुत्र अभी तो तुमने ही मुझे इस रूप में देखने की इच्छा प्रकट की थी, अब पुनः पूर्व स्वरूप में आने की बात क्यों?”
गणेशजी ने मस्तक झुकाये हुए ही कहा – *”क्षमा पिताश्री, मेरी माता से सुंदर कोई और दिखे, मैं ऐसा कदापि नहीं चाहता।”*
और शिवजी मुस्कुराते हुए अपने पुराने स्वरूप में लौट आये।
कथा का मर्म:*
कई संत महात्माओं ने अपने अनुभव से कहा है कि *कर्पूरगौर शंकर तो भगवान श्रीराम से भी सुंदर हैं* परन्तु वह अपना निज स्वरूप कभी प्रकट नहीं करते, क्योंकि इससे उनके प्रियतम आराध्य श्रीराम की सुंदरता के यश की प्रशंसा में कमी होगी।
यही तो है शिव का त्याग – खुद अनंत सुंदर होकर भी, अपनी अर्धांगिनी और अपने आराध्य के प्रेम में स्वयं को भस्म में छिपा लेना।
*जय गौरी-शंकर! जय श्री गणेश!*