1
1
रोहिताश दीक्षित उपसंपादक
एटा/अलीगंज।* एटा जिले की अलीगंज तहसील में मंगलवार को एंटी करप्शन टीम अलीगढ़ ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने एसडीएम के पेशकार अनूप सिंह को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और हड़कंप मचा रहा।
आदेश कराने के नाम पर मांगी थी रिश्वत*
जानकारी के अनुसार जैथरा थाना क्षेत्र के ग्राम धरौली निवासी ज्ञान सिंह ने एंटी करप्शन टीम अलीगढ़ से शिकायत की थी कि एक प्रशासनिक आदेश कराने के बदले एसडीएम का पेशकार अनूप सिंह उससे 30 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने पहले गोपनीय जांच की और फिर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
रुपये हाथ में लेते ही दबोचा
मंगलवार को एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और इंस्पेक्टर अनिल कुमार अपनी टीम के साथ अलीगंज तहसील पहुंचे। योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ज्ञान सिंह को केमिकल लगे 30 हजार रुपये देकर पेशकार के पास भेजा गया। जैसे ही पेशकार ने रकम हाथ में ली, पहले से तैनात टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा।
टीम ने रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली है और आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के बाद पूरे दिन तहसील में अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।