Popular Posts

अलीगंज में तेज रफ्तार बाइक से कांस्टेबल, सहित दो घायल

अलीगंज क्षेत्र  के  राजा का रामपुर थाना  के कैला गांव में रविवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से सड़क किनारे दुकान पर बैठा युवक और बाइक सवार कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए।

बाइक कांस्टेबल मोहित यादव चला रहे थे। हादसे के बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायलों की पहचान अमित कुमार पुत्र रामसेवक निवासी कैला, थाना राजा का रामपुर और कांस्टेबल मोहित यादव पुत्र महेंद्र निवासी फकेता, थाना बिछवा, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है। कांस्टेबल मोहित यादव वर्तमान में जनपद बदायूं के बिल्सी में सीओ के यहां तैनात बताए गए हैं।

अमित के पिता रामसेवक ने बताया कि उनका बेटा सड़क किनारे दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अलीगंज की तरफ से कांस्टेबल मोहित यादव बाइक चलाते हुए आ रहे थे। उनके अनुसार बाइक तेज रफ्तार में थी और इसी दौरान बाइक ने दुकान पर बैठे अमित को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक सवार कांस्टेबल मोहित यादव को भी गंभीर चोटें आईं।

घायल अमित को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी अलीगंज पहुंचाया गया, जबकि कांस्टेबल मोहित यादव को डायल 112 पुलिस टीम ने सीएचसी अलीगंज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। सीएचसी अलीगंज के चिकित्सक डॉ. अखलाक खान ने बताया कि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी अलीगंज से हायर सेंटर रेफर किया गया है।

वहीं, राजा का रामपुर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि डायल 112 पुलिस टीम ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया है। अभी किसी भी पक्ष से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। थानास्तर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *