Popular Posts

अलीगंज में शटर काटकर तिजोरी ले भागे चोर, 20-22 लाख का नुकसान, डॉग स्क्वयड ने बरामद की तिजोरी

राजा दीक्षित ब्यूरो चीफ

 एटा = अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला मेवातियां में मंगलवार सुबह एक ज्वेलर्स की दुकान में बड़ी चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोर दुकान का शटर काटकर अंदर घुसे और पूरी तिजोरी उठाकर फरार हो गए। दुकानदार ने तिजोरी में करीब आठ किलो चांदी और 30 ग्राम सोना होने का दावा किया है, जिससे लगभग 20 से 22 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।

सुनार कन्हैया वर्मा, जो मोहल्ला गुलाम हुसैन, नगला पड़ाव, कोतवाली अलीगंज के निवासी हैं, ने बताया कि उन्हें मंगलवार सुबह करीब 6:40 बजे पड़ोसी दुकानदार ने शटर कटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान का शटर कटा हुआ था और अंदर रखी तिजोरी गायब थी।

कन्हैया वर्मा के अनुसार, चोरी हुई तिजोरी में लगभग 8 किलोग्राम चांदी और 30 ग्राम सोना रखा था। उन्होंने इस चोरी से करीब 20 से 22 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि नुकसान का अंतिम आकलन अभी नहीं हुआ है और दुकानदार द्वारा बताए गए आंकड़ों का सत्यापन किया जाना बाकी है।

सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने दुकान और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

चोरी के खुलासे के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। इन टीमों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और चोरों तक पहुंचने के लिए सुराग तलाशने का प्रयास किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

घटनास्थल से करीब 30 मीटर दूर पड़ोसी दुकानदार हामिद हुसैन की बक्शा बनाने वाली दुकान के पीछे डॉग स्क्वायड की टीम ने एक तिजोरी बरामद की है। तिजोरी के आसपास सामान बिखरा पड़ा मिला। सूचना के बाद एटा पुलिस ने घटनास्थल को पूरी तरह से कार्डन ऑफ कर दिया और फिंगर प्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

बारिश के कारण तिजोरी पर पानी जमा है, जिससे पुलिस और फोरेंसिक टीम को सैंपल लेने में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। फोरेंसिक टीम ने ज्वेलर्स की दुकान के काउंटर से भी सैंपल लिए हैं। फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।

अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया ,चार टीमें लगाई गई हैं,अधीनस्थ अधिकारियों को जल्द ही खुलासा करने के निर्देश दिए गए हैं।

अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया

तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *